Tuesday, January 6, 2009

पीली धूप का पेड़ !

ख्वाबों के जंगल में भटकते हुए
पीली धूप के किसी पेड़ तले
उकताए, हारे, हांफते
एक दूसरे को निहारते...

-सैय्यद जैगम इमाम की कविता का एक अंश

पीली धूप के पेड़ आपने कहीं देखे हैं....शायद नहीं...इन दरख्तों को आप महसूस कर सकते हैं...हकीकत में नहीं बल्कि ख्वाबों में.....अपने साथी जैगम इमाम की कविता जब सुन रहा था तब मन ही मन यही सोचा....
चटख रंग आपको अपनी ओर खींचते हैं जिसमें हम मन के धूसर....बुझे रंगों को कहीं दफन कर देते हैं....चाहे हरा हो या पीला या फिर नीला....कभी कभी लाल भी...ये कुछ ऐसे रंग हैं जो अक्सर हमें अपने ख्वाबों को सतरंगा बुनने के काम आते हैं.....
बचपन के दिनों में कभी किसी राइम की बुक में या किस्से कहानियों की किताबों में छोटे-छोटे दरख्त देखता था----पन्नों पर छपा आसमान और इस पर टंके तारे-चांद देखता था तो कई बार मन इतना ललचाता था.. मानों इन्हें छू लूं....अजब सी मायावी और सम्मोहक दुनिया थी जिसके घुमावदार रास्तों में भटकता रहता था....छोटे छोटे ख्वाब---बेसिर-पैर की हसरतें---अजब सा तिलिस्म....जासूसी उपन्यासों से लेकर वेताल की कहानियों, राजा-रानी की दुनिया से लेकर चंदामामा...औऱ भी ना जाने कितना कुछ...
आज जब पलटकर देखता हूं तो कभी हंसी आती है... कभी लगता है कि आप जिन मोड़ों से गुजर चुके होते हैं वो उस वक्त बेहद घुमावदार भले ही लगे हों पर अब कितने आसान महसूस होते हैं...
लेकिन तलाश तब भी होती थी...जो कभी पूरी नहीं होती थी...तलाश अब भी है जो पता नहीं कब पूरी होगी....
जो ख्वाब कल बड़े लगते थे आज वो मामूली लगते हैं....जो हसरतें आज बड़ी लग रही हैं शायद कल इनके बारे में सोचने की फुर्सत भी ना मिले....
चाहे जो भी हो पर ये तय है कि ख्वाबों के जंगलों में यूं ही भटकने का मज़ा ही कुछ और है...खासकर तब जबकि उकताए थके हारे किसी पेड़ के नीचे हांफते सुस्ता रहे हों...
ये रोमांच कई बरस पहले भी खींचता था
औऱ आज भी खींचता है
पीली धूप के उस पेड़ की तलाश तब भी थी
औऱ अब भी है
क्या पता किसी दिन वाकई मुझे मिल जाए पीली धूप का वो पेड़!!!
आइये दुआ करें!!

जाइए भाई चीरा लगवा के आइए...

जॉन डीकोस्टा की डाय़री के इस पन्ने के लेखक हैं रवि बुले

रवि बुले का परिचय-हिंदी में नई कहानी के नए दौर की नींव मजबूत करने में रवि बुले शिद्दत से जुटे हुए हैं.....फिलहाल मायानगरी में सक्रिय...फिल्मों का नया व्याकरण गढ़ने की बेचैनी इन दिनों उनकी पहली प्राथमिकता है...देश के कई नामी गिरामी अखबारों से जुड़े रहे...सूत्रधार जॉन डीकोस्टा के विशेष आग्रह पर बुले जी ने वृतांत का ये अध्याय जोड़ा है....आगे भी गली करतार के पाठकों को बुले जी की लेखनी का जादू देखने को मिलता रहेगा

  • जॉन डीकोस्टा की डायरी का पेज नंबर-7
अन्नू बाबू अपने आस-पास एक कोहरा-सा लिए चलते थे!! ...और अकसर उसमें गुम हो जाते थे। ये उनके व्यक्तित्व का अनूठा रहस्य था। कभी कमरे में बैठे-बैठे। कभी ठंड या बे-मौसम रजाई में दुबके। किसी गर्भस्थ शिशु-सा अपने पैरों को छाती से सटाए। मगर उनके जूते रजाई में से सदा झांकते रहते। ऐसा लगता कि मानो ये आदमी रजाई के बाहर अपने जूते छोड़ कर भीतर किसी गम भरी दुनिया में खो गया है!! परंतु कभी यह भी लगता कि अन्नू बाबू ने ये जूते दुनिया के मुंह पर दे मारने के लिए छोड़े हैं। क्या अन्नू बाबू अपने कोहरे में से वापस लौट कर, उन्हें सताने वाली 'जॉर्ज-बुशी-दुनिया" के मुंह पर जूते मारेंगे? हालांकि अन्नू बाबू ने अपना "क्षत्रियत्व" कभी जाहिर नहीं किया। तब भी नहीं, जब वे उस रोज सुबह कोहरे को चीरते हुए लौटे और सी-13 के दरवाजे पर डॉक्टर साहब से दरवाजे पर उनकी मुठभेड़ हुई!! अखबार के तहखाना-दफ्तर में अन्नू बाबू हर शाम खुद को अगर थोड़ा घिसने के लिए जाते थे, तो ये उनकी मजबूरी थी। गिरगिटिया आंखों वाले बॉस के सामने रंग बदलना अन्नु बाबू ने सीख लिया था! यह सहज ही हुआ या यह उनके भीतर छुपा एक और रहस्य था? अन्नू बाबू रंग बदलने का अपना रहस्य खैनी की पीक के साथ दफ्तर के डस्टबीन में ही उगल आया करते थे। अन्नू बाबू अपने रहस्यों को सात परदों में छुपा कर रखते थे। मगर, डॉक्टर साहब में हर बात को बेपरदा करने की जिद थी!! आंगन की गुनगुनी गुलाबी धूप में सदा चलने वाली दोनों की इसी रस्साकशी में एक दिन यह सवाल पेश हो गया कि क्या अन्नू बाबू "वृषण-जल-रोग" के शिकार हो गए हैं? डॉक्टर साहब ने सार्वजनिक रूप से अन्नू बाबू के सामने गर्जना की... जाइए भाई इसमें चीरा लगवा के आइए...।अन्नु बाबू सन्न और निरुत्तर!! ये तो पहले से साफ था कि जिस तहखाने में अन्नू बाबू नौकरी बजाते थे, वो अखबार का वृषण था। उसमें जल की सी ठंडक सदा मौजूद रहती थी। जिसे तहखाने में मजूरी करने वाला हर व्यक्ति मफलर-सा लपेटे रहता था। अगर कभी किसी ने ठंड को लेकर शिकायत की और अपना तापमान बढ़ाया, तो गिरगिटिया आंखों वाला बॉस उसे सामने की सीढिय़ां दिखा देता! सभी सीढिय़ां स्वर्ग को तो नहीं जाती!! ...और बारह महीनों, चौबीस घंटे ठंड खाकर भी लोग जिंदा रहते हैं!! अन्नू बाबू भी जिंदा थे। "वृषण-जल-रोग" के साथ!! जिन दिनों अन्नू बाबू कुहासे को चीरते हुए कहीं चले गए थे, तब तमाम चर्चाओं के बीच एक चर्चा यह उठी कि कहीं वे वृषण में चीरा लगवा कर समस्या से छुटकारा पाने तो नहीं चले गए? नौकरी में लगातार परेशान होते अन्नु बाबू शिद्दत से महसूस करने लगे थे कि तहखाना अखबार का वृषण है। गिरगिटिया बॉस अखबार मालिकों का वृषण है। मगर वे अपने वृषण से हैरान थे। कभी कभार वे क्रोध में आकर एक साथ इन सबसे निजात पाने को उतावले हो जाते। परंतु उनके भीतर एक संत भाव भी था। जो तस्वीरों में गांधी जी के चेहरे पर साफ पढ़ा जा सकता है। अन्नु बाबू को इतना क्रोध कभी नहीं आया कि वे अपने जीवन में मौजूद तमाम वृषणों पर कोई निर्णय ले पाते। एकांत में विचार करते हुए वे अकसर अहल्या की तरह पत्थर के बन जाते...!क्या अन्नू बाबू किसी शाप से ग्रस्त थे...?ज्यादातर पुराण कहते हैं कि गौतम ऋषि अपनी पत्नी अहल्या और उसे बहका कर बलात्कार करने वाले इंद्र को शाप देकर किसी कोहरे में खो गए थे! परंतु लिंग पुराण में दर्ज इस कथा में थोड़ा ट्विस्ट है। यहां गौतम इंद्र को सिर्फ शाप नहीं देते। बल्कि क्रोध में आकर उसे जमीन पर पटकते हैं और उसके वृषण उखाड़ लेते हैं!! गौतम के पौरुष की गवाही सिर्फ इसी पुराण में है। एकांत में विचार करते हुए अहल्या-से बन जाने वाले अन्नु बाबू के पौरुष की गवाही क्या किसी किस्से में आएगी...? जॉन डीकोस्टा की डायरी के आगे के पन्नों में इस पर से परदा उठेगा...
जॉन डीकोस्टा की डायरी
पेज संख्या-7

Sunday, January 4, 2009

...और कोहरे को चीरता वो आ गया !


पिछले पन्नों पर: आपने अन्नू बाबू का किस्सा पढ़ा...उनकी शख्सीयत के बारे में जो कुछ मुझसे बन सका...पूरी शिद्दत के साथ बयान करने की कोशिश की...लेकिन बहुत कुछ ऐसा है जो अभी कहा जाना बाकी है....पाठकों की भारी मांग पर अन्नू बाबू की जिंदगी के बहाने अपनी जिंदगी का एक औऱ पन्ना पेश कर रहा हूं....क्योंकि सूत्रधार जॉन डीकोस्टा की वो डायरी आज फिर कुछ कहने के लिए बेचैन है....

अब तक आपने पढ़ा--अन्नू बाबू कैसे अखबार में जाते थे...तहखाने में हाजिरी बजाते थे...पानीपत से लेकर भिवानी एडिशन के पन्नों पर सिर खपाते थे...और रात को लौटते वक्त साथियों के साथ किस तरह से बहस में उलझ जाते थे...अखबार का वो बॉस जिसकी जीभ पान मसाला खाते-खाते मोटी हो गई थी...वो किस तरह से अन्नू बाबू को घुड़कता था...और अन्नू बाबू किस तरह विनीत विनम्र भाव से उसके आगे सिर नवाते थे...(हालांकि बाद में अहसास हुआ कि कई बार ओढ़ी हुई विनम्रता के बाद भी असली तेवर झलक जाता करते हैं)

अब आगे---वो जाड़ों के दिन थे...कुहासा ऐसा कि दफ्तर से घर लौटने की सीधी सड़क भी रात के सन्नाटे में विचित्र लगती थी...मानो भूत की तरह आप धुएं को चीरते हुए बाहर निकल रहे हों...औऱ अगले ही पल इसी धुएं में कहीं गुम हो जाएंगे....

ऐसे ही घनघोर कुहरे औऱ खून जमा देने वाली ठंड के बीच अन्नू बाबू अपनी चिर परिचित विंड चिटर पहने माहौल को गरमा देने वाली बहस में शिरकत करते हुए सड़क पर लेफ्ट राइट कर रहे थे...घर जाने से पहले गोल चक्कर पर चाय औऱ परांठा वाले के यहां थोड़ी देर के लिए ही सही पर रुकना हमारा अक्सर का रूटीन था....उस रोज भी रुके थे....बॉस ने अन्नू बाबू को उस शाम खूब खरी खोटी सुनाई थी....मुद्दा अखबार के अंदर के पन्नों में किसी खबर की प्लेसमेंट को लेकर था....बॉस की नजर में अन्नू बाबू ने खबर को जो ट्रीटमेंट दिया था वो दो कौड़ी का था...उन्होंने तहखाने में गुर्राते हुए अन्नू बाबू को जमकर डांट लगाई.....वो माहौल भी अजब था....डांट अन्नू बाबू खा रहे थे लेकिन सांप बाकी सब को सूंघ गया था....शायद हिंदी अखबारों की भाई साहबी पत्रकारिता की ये भी एक मानसिकता है.....
(अब भाई साहबी पत्रकारिता क्या होती है---इस पर एक चैप्टर से सूत्रधार आपको आगे कहीं जरूर
रूबरू करवाएगा।)
बॉस ने अन्नू बाबू को डांट लगाने के बाद गुटखे का पूरा पाउच मुंह के हवाले किया औऱ कुछ मिनटों तक जुगाली करने के बाद परम संतोषी भाव से डस्टबिन को पीकदान समझ कर प्रसाद उड़ेल दिया....
अन्नू बाबू उस रोज बड़े विचलित थे...साली दो कौड़ी की नौकरी है....पता नहीं क्या समझता है अपने आपको....यार मिहिर छोड़ दूंगा....मेरे बस की नहीं....खेती ही कर लूंगा....लौट जाऊंगा यार.....
ये वाकया उसी रात का है.....दो बजे हम सब सी-१३ के साथी गोल चक्कर पहुंचे चुके थे औऱ चाय के साथ वाद विवाद का दौर गरम था....अन्नू बाबू कुछ कुछ उंघते हुए और अनमने से भाव के साथ बेंच पर बैठे थे...अचानक उठे....औऱ चल पड़े....सबने कहा---अरे अन्नू बाबू क्या हो गया...कहां जा रहे हो....उनका जवाब था नहीं यार सुबह की बस पकड़नी है.....
अगली सुबह अन्नू बाबू वाकई हम सबकी आंख खुलने से पहले निकल चुके थे....पहले भी नहीं बताते थे कि आखिर जा कहां रहे हैं और इस बार भी बताने की कोई जहमत नहीं उठाई
कुहासे को चीरते हुए वो कहां चले गए इसका अहसास हम सबको तब हुआ जब हम अलसाए से उठे....लेकिन अन्नू बाबू का इस तरह जाना हमें पहले भी नहीं चौंकाता था...इसलिए इस बार भी हैरान हो जाएं...ऐसी कोई वजह नहीं दिखी....
ठंड के दिन अभी खत्म नहीं हुए थे...अब भी सुबह कुहासे में लिपटी दस्तक देती थी....सुबह तो क्या दोपहर में ही सही पर उठने के लिए हमें पहले की तरह ही जतन करने पड़ते थे....यानी सी-१३ की दुनिया अब भी वैसी ही थी... जैसी पहले थी
ऐसी ही एक सुबह कुहासे को चीरता हुए अन्नू बाबू आ धमके...
अगर आग रात को देर से सोने वालों में शुमार हैं तो आप समझ सकते हैं कि सुबह-सुबह कॉलबेल की आवाज से कर्कश दुनिया में और कुछ नहीं लगता...
उस रोज भी वैसी ही आवाज से अपने अपने कमरों में हम सबका साबका पड़ा....लेकिन उठे तो कौन...ठंड के दिनों में लिहाफ से निलकना भी तो कम बड़ी चुनौती नहीं....लेकिन हम सबके साथ नियमों के पाबंद डॉक्टर साहब भी रहते थे औऱ जब सब सोते थे वो बड़े चाव के साथ अखबार पढ़ते थे....पढ़ें चाहें नहीं भी लेकिन उनके सिरहाने सारे अखबार करीने से सजे होने चाहिए.....सो डॉक्टर साहब भी चिहुंकते हुए उठे....अरे भाई पता नहीं सुबह सुबह कौन आ गया.....दरवाजे पर अन्नू बाबू को देखकर पल भर के लिए (हालांकि मैंने नहीं देखा...लेकिन तजुर्बा बताता है कि ऐसा ही हुआ होगा) डॉक्टर साहब चौंके होंगे...चश्मा ठीक किया होगा....अरे भाई कहां गायब हो गए थे....आप भी हद हैं बताते भी नहीं...और अचानक कैसे--दफ्तर में तो खबर भी उड़ गई कि आपने रिजाइन कर दिया है....अन्नू बाबू थोड़े तरोताजा जरूर थे....लेकिन एक साथ इतने सारे सवालों से खीझ गए....कहा-हद हो गई यार....पहले अंदर तो आने दो...फिर बताता हूं...अंदर आते ही बगैर किसी सवाल का जवाब दिए वो किचेन की तरफ हो ळिए....बड़ी उदारता के साथ जितना दूध बचा था....उसे चाय बनाने के लिए स्टोव पर चढ़ा दिया...
हालांकि उनकी ये हरकत डॉक्टर साहब को बेहद नागवार गुजरी होगी....लेकिन गुस्सा उतारें तो कैसे उतारें...वो बस इतना ही कह पाए....अरे भाई आप भी सुधरिएगा नहीं...कम से कम जूते तो खोल लेते.....अन्नू बाबू ने भी चिहुंकते हुए कोई जवाब दिया होगा.....खैर ये सिलसिला ऐसा कि इसमें बताने के लिए बहुत कुछ खास नहीं

खैर सवाल एक फिर भी बचा रह गया था---आखिर अन्नू बाबू उस रोज कुहरे में कहां गुम हो गए थे औऱ जिस तरह गुम हुए उसी तरह आज कुहासे को चीरते हुए कहां से आ धमके...

इसका जवाब सूत्रधार आपको जरूर बताएगा....लेकिन फिर कभी....पर सौ फीसदी वादे के साथ कि पिक्चर तो अभी बाकी है मेरे दोस्त.....
-जॉन डीकोस्टा की डायरी
पेज नंबर-6

Sunday, December 28, 2008

ये साल अच्छा है...

ढलती शाम की पीली-धुंधली-सिमटती सी धूप कई बार भीड़ में भी अकेलेपन का अहसास कराती है... खासकर अगर आप इंडिया गेट जैसी जगह पर हों तो अकेलापन आपको काटने भले ही नहीं दौड़े लेकिन दार्शनिक जरूर बना देता है....इत्तफाक से क्रिसमस वाले दिन मेरी छुट्टी थी...दिन ढलने को था औऱ मैं भी पता नहीं क्यों उस रोज इंडिया गेट चला गया....
घास पर लेटा...तो अचानक पता नहीं क्यों गुजर रहा साल जैसे मेरे सामने पूरी शिद्दत के साथ खड़ा था...हर रोज का हिसाब किताब माथे में घूम रहा था
साल ऐसे कई गुजारे पर नहीं मालूम क्यों ऐसा लगा मानो ये साल बस बीत गया...
घटनाएं आंखों के सामने फ्लैशबैक की तरह गुजरती चली गईं...मैं उनमें बहता चला गया....
समय के इस प्रवाह में ज्यादा क्या कहूं...क्या ना कहूं
लेकिन बस उम्मीद है जो हमको आपको सबको चलाए जाती है...
गुजरा है जो, वो साल अच्छा था
आएगा जो साल वो भी अच्छा होगा
फिलहाल उधार की चंद लाइनों के साथ आपको छोड़े जाता हूं---
-एक बिरहमन ने कहा है ये साल अच्छा है
ज़ुल्म की रात बहुत जल्द टलेगी अब तो
आग चूल्हों में हर इक रोज़ जलेगी अब तो
भूख के मारे कोई बच्चा नहीं रोएगा
चैन की नींद हर इक शख्स़ यहां सोएगा
आंधी नफ़रत की चलेगी ना कहीं अब के बरस
प्यार की फ़सल उगाएगी जमीं अब के बरस
है यकीं अब ना कोई शोर-शराबा होगा
ज़ुल्म होगा ना कहीं ख़ून-ख़राबा होगा
ओस और धूप के सदमे ना सहेगा कोई
अब मेरे देश में बेघर ना रहेगा कोई
नए वादों का जो डाला है वो जाल अच्छा है

रहनुमाओं ने कहा है कि ये साल अच्छा है
दिल को ख़ुश रखने को गालिब ये ख़याल अच्छा है


आमीन

Saturday, December 20, 2008

खामोश समंदर प्यासा है...

ये शीर्षक अपने दोस्त जैगम इमाम की कविता से उधार लिया है...ये गुस्ताखी मुझे करनी पड़ी...क्योंकि जब वो रौ में अपनी नज्म सुना रहे थे तो रहा ना गया....पंक्तियां यूं ही ले लीं...लेकिन इनके पीछे का फलसफा बाद में समझ में आया....जिंदगी के चौराहे पर कभी आप ठिठक जाएं तो ये फलसफा आप भी समझ जाएंगे...खैर छायावादी बातों का कोई मतलब नहीं क्योंकि जब जिंदगी दो जोड़ दो बराबर चार के नजरिए से जीनी हो तो वहां ना तो वहां कोरी भावुकता का कोई मतलब होता है औऱ ना ही रोमानी सपनों का...सामने होती है सिर्फ हकीकत की सख्त जमीन...
लेकिन हकीकतों का तानाबाना भी तो अजब होता है....कई बार हकीकतें कल्पना की दुनिया से ज्यादा रपटीली होती हैं...ज्यादा घुमावदार होती हैं....कई बार वाकई आपको समंदर प्यासा मिल सकता है...कई बार खामोशी भी चीखती मिलती है...और चीख में भी सन्नाटा गूंजता है....
इस सन्नाटे का कोई मर्म नहीं होता....कई बार सन्नाटे गाते हैं....कई बार आपको भीतर तक कंपकंपा जाते हैं...कभी किसी पुराने पड़ गए घर की छत पर काई लगी बदरंग दीवारों और मुंडेरों से दुनिया देखिए तो वहां से आपको दुनिया अलग दिखेगी....लेकिन कभी किसी बहुमंजिली इमारत की किसी ऊंची सी मंजिल के शीशों से झांकिए तो नज़ारा दूसरा होगा...
खैर अपना दर्शन आप पर थोपूं...ये भी ठीक नहीं...
फिलहाल तो इस समंदर को प्यासा ही रहने दीजिए...

Wednesday, December 10, 2008

आंधी की तरह उड़कर इक राह गुज़रती है...

अचानक मन उदास हो चला...कहानियां अब भी हैं जो अब सामने आ रही हैं....मुंबई हमलों की कहानियां...घटनाएं जो आज भी मन को छू जाती हैं....वाकये जो सिहरने के लिए मजबूर कर देते हैं...इस लेख के लिए हेडिंग जो चुनी बेशक वो टोन आपको बदला सा लगे...पर मुझे इस उदास दौर में सबसे बेहतर यही शीर्षक लगा...इसकी मेरे पास ना तो कोई व्याख्या है...ना ही कोई दलील...अच्छा लगा सो लिख दिया....
मन जाने क्यों....बार बार मन मुंबई की ओर भटकता है...बल्कि यूं कहें बहकता है....उस शहर से पता नहीं कौन सा रिश्ता है जो मुझे अक्सर खींचता है....गिरगाम चौपाटी हो या फिर सिद्धिविनायक....या फिर अक्सा बीच....या जुहू चौपाटी ...गेटवे पर कबूतरों के बीच मटरगश्ती...और समंदर की लहरों के बीच स्टीमर पर घूमना.....कुछ नाता जरूर है जो मुझे मुंबई से जोड़ता है....हवाओं में अजब सी मिठास है जिसे मैं आज भी महसूस करता हूं....ना तो वहां पला-बढ़ा औऱ ना ही सालों रहा....ना बचपन गुजरा औऱ ना ही बाद के दिन....लेकिन मैं उस शहर में जाता रहा हूं....वहां की गंध को आत्मा से महसूस किया है.....वो गंध आज भी मुझे लुभाती है....
और यही वजह है कि 26 नवंबर के हमलों के बाद वो शहर मुझे और अपना लगने लगा है...कुछ दोस्त हैं जो वहां से अक्सर मुझे याद करते हैं....कुछ पुराने नाते हैं जो शहर से रिश्ता तोड़ चुके हैं....लेकिन मुझे उनके बहाने भी मुंबई बहुत याद आती है....
शायद मुझे इसीलिए गुलजार की ये पंक्तियां याद आ रही हैं....
शायद इसीलिए आज मन बहक रहा है...
काश कि कोई राह होती जो आंधी की तरह उड़कर हमें मंजिलों तक पहुंचा सकती....

Saturday, December 6, 2008

मोशे फिर मुस्कुराएगा...


मुंबई के आतंकी पागलपन को गुजरे कई दिन हो गए...लेकिन चौबीसों घंटे टीवी चैनलों पर तबाही का जो मंजर दिखाया गया वो अभी ताज़ा है...घाव अभी सूखा नहीं है....आतंकी हमले पहले भी हुए हैं...लेकिन जो खूनी छाप इन हमलों ने छोड़ी है...उसे मिटाना बहुत मुश्किल है....बहुत मुश्किल है...मोशे को भूलना...रोता बिलखता मोशे...जिसे कमांडो ऑपरेशन में बचाया गया....दो साल का मोशे जिसके मां बाप नरीमन हाउस में आतंकियों की भेंट चढ़ गए...वही मोशे अब सात समंदर पार अपने वतन इस्राइल लौट गया है....लेकिन उसका चेहरा पूरी दुनिया में आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़े प्रतीक के तौर पर उभर कर सामने आया है....उसका रोना दिल को हिला देने वाला है....उसके आंसू किसी पत्थरदिल को भी पिघलाने की कूवत रखते हैं....मोशे जिस प्लेन से अपने वतन लौटा उसी प्लेन पर ताबूत में उसके मां-पिता के शव भी भेजे गए...मोशे को अभी नहीं मालूम कि आतंकवाद क्या होता है...आतंकवादी क्या होते हैं....उसे तो ये भी नहीं मालूम कि किस जुर्म की सजा उसे मिली...उसे क्या मालूम कि उसका बचपन अब कभी पहले जैसा नहीं हो पाएगा....लेकिन हमें मालूम है....हमें मालूम है कि उसके मां-बाप अब कभी लौटकर नहीं आएंगे...कभी उसकी मां उसे गोद में नहीं खिला पाएगी....पिता का दुलार भी उसे भला कब मिल पाएगा....

क्या आपने मुंबई की उस अजीब सी सुबह में इस्राइली प्रार्थनाघर में वो मातम की भीड़ देखी थी...अगर देखी होगी तो क्या आप अपने आंसूओं पर काबू रख पाए होंगे....वो लोग मोशे के मां-पिता की मौत का मातम मनाने जुटे थे...उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जा रही थी...उसी भीड़ में मोशे भी चुपचाप बैठा था....उसके हाथों में लाल गेंद भी थी...साइनागॉग में बेशुमार लोगों की भीड़ के बीच भी उदास कर देने वाली खामोशी थी....जब भी मोशे रोता....लोग उसके साथ रोते....

अब मोशे अपने वतन लौट गया है

अब अगर सच्चे मन से कोई प्रार्थना करनी है तो बस यही कीजिए कि एक बार फिर से मोशे मुस्करा सके....

एक बार फिर से उसके चेहरे पर हंसी लौट आए....

इन जख्मों को भूलकर वो फले फूले

मोशे एक बार फिर से मुस्कुराए

आमीन