Showing posts with label जॉन डीकोस्टा की डायरी. Show all posts
Showing posts with label जॉन डीकोस्टा की डायरी. Show all posts

Tuesday, January 6, 2009

जाइए भाई चीरा लगवा के आइए...

जॉन डीकोस्टा की डाय़री के इस पन्ने के लेखक हैं रवि बुले

रवि बुले का परिचय-हिंदी में नई कहानी के नए दौर की नींव मजबूत करने में रवि बुले शिद्दत से जुटे हुए हैं.....फिलहाल मायानगरी में सक्रिय...फिल्मों का नया व्याकरण गढ़ने की बेचैनी इन दिनों उनकी पहली प्राथमिकता है...देश के कई नामी गिरामी अखबारों से जुड़े रहे...सूत्रधार जॉन डीकोस्टा के विशेष आग्रह पर बुले जी ने वृतांत का ये अध्याय जोड़ा है....आगे भी गली करतार के पाठकों को बुले जी की लेखनी का जादू देखने को मिलता रहेगा

  • जॉन डीकोस्टा की डायरी का पेज नंबर-7
अन्नू बाबू अपने आस-पास एक कोहरा-सा लिए चलते थे!! ...और अकसर उसमें गुम हो जाते थे। ये उनके व्यक्तित्व का अनूठा रहस्य था। कभी कमरे में बैठे-बैठे। कभी ठंड या बे-मौसम रजाई में दुबके। किसी गर्भस्थ शिशु-सा अपने पैरों को छाती से सटाए। मगर उनके जूते रजाई में से सदा झांकते रहते। ऐसा लगता कि मानो ये आदमी रजाई के बाहर अपने जूते छोड़ कर भीतर किसी गम भरी दुनिया में खो गया है!! परंतु कभी यह भी लगता कि अन्नू बाबू ने ये जूते दुनिया के मुंह पर दे मारने के लिए छोड़े हैं। क्या अन्नू बाबू अपने कोहरे में से वापस लौट कर, उन्हें सताने वाली 'जॉर्ज-बुशी-दुनिया" के मुंह पर जूते मारेंगे? हालांकि अन्नू बाबू ने अपना "क्षत्रियत्व" कभी जाहिर नहीं किया। तब भी नहीं, जब वे उस रोज सुबह कोहरे को चीरते हुए लौटे और सी-13 के दरवाजे पर डॉक्टर साहब से दरवाजे पर उनकी मुठभेड़ हुई!! अखबार के तहखाना-दफ्तर में अन्नू बाबू हर शाम खुद को अगर थोड़ा घिसने के लिए जाते थे, तो ये उनकी मजबूरी थी। गिरगिटिया आंखों वाले बॉस के सामने रंग बदलना अन्नु बाबू ने सीख लिया था! यह सहज ही हुआ या यह उनके भीतर छुपा एक और रहस्य था? अन्नू बाबू रंग बदलने का अपना रहस्य खैनी की पीक के साथ दफ्तर के डस्टबीन में ही उगल आया करते थे। अन्नू बाबू अपने रहस्यों को सात परदों में छुपा कर रखते थे। मगर, डॉक्टर साहब में हर बात को बेपरदा करने की जिद थी!! आंगन की गुनगुनी गुलाबी धूप में सदा चलने वाली दोनों की इसी रस्साकशी में एक दिन यह सवाल पेश हो गया कि क्या अन्नू बाबू "वृषण-जल-रोग" के शिकार हो गए हैं? डॉक्टर साहब ने सार्वजनिक रूप से अन्नू बाबू के सामने गर्जना की... जाइए भाई इसमें चीरा लगवा के आइए...।अन्नु बाबू सन्न और निरुत्तर!! ये तो पहले से साफ था कि जिस तहखाने में अन्नू बाबू नौकरी बजाते थे, वो अखबार का वृषण था। उसमें जल की सी ठंडक सदा मौजूद रहती थी। जिसे तहखाने में मजूरी करने वाला हर व्यक्ति मफलर-सा लपेटे रहता था। अगर कभी किसी ने ठंड को लेकर शिकायत की और अपना तापमान बढ़ाया, तो गिरगिटिया आंखों वाला बॉस उसे सामने की सीढिय़ां दिखा देता! सभी सीढिय़ां स्वर्ग को तो नहीं जाती!! ...और बारह महीनों, चौबीस घंटे ठंड खाकर भी लोग जिंदा रहते हैं!! अन्नू बाबू भी जिंदा थे। "वृषण-जल-रोग" के साथ!! जिन दिनों अन्नू बाबू कुहासे को चीरते हुए कहीं चले गए थे, तब तमाम चर्चाओं के बीच एक चर्चा यह उठी कि कहीं वे वृषण में चीरा लगवा कर समस्या से छुटकारा पाने तो नहीं चले गए? नौकरी में लगातार परेशान होते अन्नु बाबू शिद्दत से महसूस करने लगे थे कि तहखाना अखबार का वृषण है। गिरगिटिया बॉस अखबार मालिकों का वृषण है। मगर वे अपने वृषण से हैरान थे। कभी कभार वे क्रोध में आकर एक साथ इन सबसे निजात पाने को उतावले हो जाते। परंतु उनके भीतर एक संत भाव भी था। जो तस्वीरों में गांधी जी के चेहरे पर साफ पढ़ा जा सकता है। अन्नु बाबू को इतना क्रोध कभी नहीं आया कि वे अपने जीवन में मौजूद तमाम वृषणों पर कोई निर्णय ले पाते। एकांत में विचार करते हुए वे अकसर अहल्या की तरह पत्थर के बन जाते...!क्या अन्नू बाबू किसी शाप से ग्रस्त थे...?ज्यादातर पुराण कहते हैं कि गौतम ऋषि अपनी पत्नी अहल्या और उसे बहका कर बलात्कार करने वाले इंद्र को शाप देकर किसी कोहरे में खो गए थे! परंतु लिंग पुराण में दर्ज इस कथा में थोड़ा ट्विस्ट है। यहां गौतम इंद्र को सिर्फ शाप नहीं देते। बल्कि क्रोध में आकर उसे जमीन पर पटकते हैं और उसके वृषण उखाड़ लेते हैं!! गौतम के पौरुष की गवाही सिर्फ इसी पुराण में है। एकांत में विचार करते हुए अहल्या-से बन जाने वाले अन्नु बाबू के पौरुष की गवाही क्या किसी किस्से में आएगी...? जॉन डीकोस्टा की डायरी के आगे के पन्नों में इस पर से परदा उठेगा...
जॉन डीकोस्टा की डायरी
पेज संख्या-7

Sunday, January 4, 2009

...और कोहरे को चीरता वो आ गया !


पिछले पन्नों पर: आपने अन्नू बाबू का किस्सा पढ़ा...उनकी शख्सीयत के बारे में जो कुछ मुझसे बन सका...पूरी शिद्दत के साथ बयान करने की कोशिश की...लेकिन बहुत कुछ ऐसा है जो अभी कहा जाना बाकी है....पाठकों की भारी मांग पर अन्नू बाबू की जिंदगी के बहाने अपनी जिंदगी का एक औऱ पन्ना पेश कर रहा हूं....क्योंकि सूत्रधार जॉन डीकोस्टा की वो डायरी आज फिर कुछ कहने के लिए बेचैन है....

अब तक आपने पढ़ा--अन्नू बाबू कैसे अखबार में जाते थे...तहखाने में हाजिरी बजाते थे...पानीपत से लेकर भिवानी एडिशन के पन्नों पर सिर खपाते थे...और रात को लौटते वक्त साथियों के साथ किस तरह से बहस में उलझ जाते थे...अखबार का वो बॉस जिसकी जीभ पान मसाला खाते-खाते मोटी हो गई थी...वो किस तरह से अन्नू बाबू को घुड़कता था...और अन्नू बाबू किस तरह विनीत विनम्र भाव से उसके आगे सिर नवाते थे...(हालांकि बाद में अहसास हुआ कि कई बार ओढ़ी हुई विनम्रता के बाद भी असली तेवर झलक जाता करते हैं)

अब आगे---वो जाड़ों के दिन थे...कुहासा ऐसा कि दफ्तर से घर लौटने की सीधी सड़क भी रात के सन्नाटे में विचित्र लगती थी...मानो भूत की तरह आप धुएं को चीरते हुए बाहर निकल रहे हों...औऱ अगले ही पल इसी धुएं में कहीं गुम हो जाएंगे....

ऐसे ही घनघोर कुहरे औऱ खून जमा देने वाली ठंड के बीच अन्नू बाबू अपनी चिर परिचित विंड चिटर पहने माहौल को गरमा देने वाली बहस में शिरकत करते हुए सड़क पर लेफ्ट राइट कर रहे थे...घर जाने से पहले गोल चक्कर पर चाय औऱ परांठा वाले के यहां थोड़ी देर के लिए ही सही पर रुकना हमारा अक्सर का रूटीन था....उस रोज भी रुके थे....बॉस ने अन्नू बाबू को उस शाम खूब खरी खोटी सुनाई थी....मुद्दा अखबार के अंदर के पन्नों में किसी खबर की प्लेसमेंट को लेकर था....बॉस की नजर में अन्नू बाबू ने खबर को जो ट्रीटमेंट दिया था वो दो कौड़ी का था...उन्होंने तहखाने में गुर्राते हुए अन्नू बाबू को जमकर डांट लगाई.....वो माहौल भी अजब था....डांट अन्नू बाबू खा रहे थे लेकिन सांप बाकी सब को सूंघ गया था....शायद हिंदी अखबारों की भाई साहबी पत्रकारिता की ये भी एक मानसिकता है.....
(अब भाई साहबी पत्रकारिता क्या होती है---इस पर एक चैप्टर से सूत्रधार आपको आगे कहीं जरूर
रूबरू करवाएगा।)
बॉस ने अन्नू बाबू को डांट लगाने के बाद गुटखे का पूरा पाउच मुंह के हवाले किया औऱ कुछ मिनटों तक जुगाली करने के बाद परम संतोषी भाव से डस्टबिन को पीकदान समझ कर प्रसाद उड़ेल दिया....
अन्नू बाबू उस रोज बड़े विचलित थे...साली दो कौड़ी की नौकरी है....पता नहीं क्या समझता है अपने आपको....यार मिहिर छोड़ दूंगा....मेरे बस की नहीं....खेती ही कर लूंगा....लौट जाऊंगा यार.....
ये वाकया उसी रात का है.....दो बजे हम सब सी-१३ के साथी गोल चक्कर पहुंचे चुके थे औऱ चाय के साथ वाद विवाद का दौर गरम था....अन्नू बाबू कुछ कुछ उंघते हुए और अनमने से भाव के साथ बेंच पर बैठे थे...अचानक उठे....औऱ चल पड़े....सबने कहा---अरे अन्नू बाबू क्या हो गया...कहां जा रहे हो....उनका जवाब था नहीं यार सुबह की बस पकड़नी है.....
अगली सुबह अन्नू बाबू वाकई हम सबकी आंख खुलने से पहले निकल चुके थे....पहले भी नहीं बताते थे कि आखिर जा कहां रहे हैं और इस बार भी बताने की कोई जहमत नहीं उठाई
कुहासे को चीरते हुए वो कहां चले गए इसका अहसास हम सबको तब हुआ जब हम अलसाए से उठे....लेकिन अन्नू बाबू का इस तरह जाना हमें पहले भी नहीं चौंकाता था...इसलिए इस बार भी हैरान हो जाएं...ऐसी कोई वजह नहीं दिखी....
ठंड के दिन अभी खत्म नहीं हुए थे...अब भी सुबह कुहासे में लिपटी दस्तक देती थी....सुबह तो क्या दोपहर में ही सही पर उठने के लिए हमें पहले की तरह ही जतन करने पड़ते थे....यानी सी-१३ की दुनिया अब भी वैसी ही थी... जैसी पहले थी
ऐसी ही एक सुबह कुहासे को चीरता हुए अन्नू बाबू आ धमके...
अगर आग रात को देर से सोने वालों में शुमार हैं तो आप समझ सकते हैं कि सुबह-सुबह कॉलबेल की आवाज से कर्कश दुनिया में और कुछ नहीं लगता...
उस रोज भी वैसी ही आवाज से अपने अपने कमरों में हम सबका साबका पड़ा....लेकिन उठे तो कौन...ठंड के दिनों में लिहाफ से निलकना भी तो कम बड़ी चुनौती नहीं....लेकिन हम सबके साथ नियमों के पाबंद डॉक्टर साहब भी रहते थे औऱ जब सब सोते थे वो बड़े चाव के साथ अखबार पढ़ते थे....पढ़ें चाहें नहीं भी लेकिन उनके सिरहाने सारे अखबार करीने से सजे होने चाहिए.....सो डॉक्टर साहब भी चिहुंकते हुए उठे....अरे भाई पता नहीं सुबह सुबह कौन आ गया.....दरवाजे पर अन्नू बाबू को देखकर पल भर के लिए (हालांकि मैंने नहीं देखा...लेकिन तजुर्बा बताता है कि ऐसा ही हुआ होगा) डॉक्टर साहब चौंके होंगे...चश्मा ठीक किया होगा....अरे भाई कहां गायब हो गए थे....आप भी हद हैं बताते भी नहीं...और अचानक कैसे--दफ्तर में तो खबर भी उड़ गई कि आपने रिजाइन कर दिया है....अन्नू बाबू थोड़े तरोताजा जरूर थे....लेकिन एक साथ इतने सारे सवालों से खीझ गए....कहा-हद हो गई यार....पहले अंदर तो आने दो...फिर बताता हूं...अंदर आते ही बगैर किसी सवाल का जवाब दिए वो किचेन की तरफ हो ळिए....बड़ी उदारता के साथ जितना दूध बचा था....उसे चाय बनाने के लिए स्टोव पर चढ़ा दिया...
हालांकि उनकी ये हरकत डॉक्टर साहब को बेहद नागवार गुजरी होगी....लेकिन गुस्सा उतारें तो कैसे उतारें...वो बस इतना ही कह पाए....अरे भाई आप भी सुधरिएगा नहीं...कम से कम जूते तो खोल लेते.....अन्नू बाबू ने भी चिहुंकते हुए कोई जवाब दिया होगा.....खैर ये सिलसिला ऐसा कि इसमें बताने के लिए बहुत कुछ खास नहीं

खैर सवाल एक फिर भी बचा रह गया था---आखिर अन्नू बाबू उस रोज कुहरे में कहां गुम हो गए थे औऱ जिस तरह गुम हुए उसी तरह आज कुहासे को चीरते हुए कहां से आ धमके...

इसका जवाब सूत्रधार आपको जरूर बताएगा....लेकिन फिर कभी....पर सौ फीसदी वादे के साथ कि पिक्चर तो अभी बाकी है मेरे दोस्त.....
-जॉन डीकोस्टा की डायरी
पेज नंबर-6

Saturday, October 25, 2008

...फिर नींद रात भर क्यूं नहीं आती!

सपने, बाइक और सी-१३ का आखिरी कमरा
नींद से नींद का सफर कैसा होता है...ये कोई अन्नू बाबू से सीखे...सोने से प्रिय कुछ भी नहीं...शायद इसलिए कि सपनों से उन्हें बहुत लगाव था....लेकिन सपने, बाइक और सी-१३ के आखिरी कमरे में ही जिंदगी तो नहीं चलती...अखबार के तहखाने में हाजिरी भी लगानी तो पेट के लिए जरूरी थी....

तहखाने में चापलूसी, चापलूसों में अन्नू बाबू....
भाई साहबी पत्रकारिता के दिन....न्यूजरूम नुमा तहखाना...अमूमन किसी छोटे मोटे कारखाने की तरह नज़र आता....जहां एक कोने में बैठा बॉस रूपी सुपरवाइजर लगातार जुगाली करता रहता....मोटे चश्मे से झांकती आंखें अखबारो में कुछ तलाशतीं...वो खीझता...अरे यार क्या हेडिंग लगा दी...गजब की सूंघने की शक्ति पाई थी उसने...पता नहीं उसे कैसे आभास हो जाता कि ये काम अन्नू बाबू का ही है....फिर क्या था....टेबल के इस पार खड़े होकर अन्नू बाबू को देर तक प्रवचन सुनना पड़ता....लेकिन जरा ठहरिए ये मत सोचिएगा कि वो बॉस वाकई अन्नू बाबू को लेकर बेहद क्रूर था...खुद अन्नू बाबू ने एक बार दोस्तों के सामने गवाही देते हुए कहा था कि बॉस तो उन्हें बेहद मानता है...लेकिन क्या करोगे भाई नौकरी की भी तो अपनी मजबूरी होती है...(यहां सूत्रधार ये साफ करना चाहेगा कि जिस बॉस का वर्णन हो रहा है वो किसी खास व्यक्ति की ओर इंगित नहीं है...बल्कि अखबारों में तो ये परंपरा सालों से परवान चढ़ रही है...) जैसा कि आपने अभी जान लिया कि बॉस अन्नू बाबू को फटकारता जरूर था लेकिन उसे मानता भी था...तब सवाल ये उठता है कि आखिर अन्नू बाबू मात कहां खा जाते थे....तो इसके लिए अब वापस लौटते हैं भाई साहबी पत्रकारिता के उन सुनहरे दिनों की ओर.....तहखाने में तब बड़ा कॉमन था....बॉस के तमाम करीबी जमकर भाई साहब को मक्खन लगाते...अरे भाई साहब आपने क्या हेडिंग लगाई....तो कोई दो कदम आगे रहने की स्टाइल में बोल पड़ता ...भाई साहब आपकी कमीज तो बड़ी शानदार लग रही है...कोई भाई साहब को पुराने दिनों की याद दिलाता...न्यूज रूम को ये अहसास कराता कि भाई साहब तो बड़े महान पत्रकार हैं....उनकी रिपोर्ट पर कितना हंगामा हुआ था...सरकारें कैसे हिल गई थीं...प्रशासन कैसे थर-थर कांपता था....महिमामंडन का ये वो दौर था जिसमें अन्नू बाबू भीड़ में शामिल जरूर दिखते ...लेकिन अंदर ही अंदर एक बेचैनी उनमें उबाल मार रही होती.....तो क्या इस बेचैनी में भी कभी उफान आता है...
ये जरूर बताएंगे...लेकिन सूत्रधार जॉन डीकोस्टा को फिलहाल दीजिए इजाजत

जॉन डीकोस्टा की डायरी, पृष्ठ संख्या-5

Friday, October 24, 2008

गतांक से आगे...


अबतक आपने पढ़ा-एक खत अचानक मिलता है...उस सुबह...सी-१३ के दरवाजे पर
अब आगे...अलसाई भीगी औऱ सीली सुबह का मोह छोड़कर...लिहाफों की गरमाहट से बाहर निकलकर हॉट डिस्कशन का दौर शुरू....कुछ वाकई चिंतित तो कुछ के मन में बस ये चिंता सता रही थी कि आखिर अन्नू बाबू ने इस तरह झटके में अलविदा कैसे कह दिया...तो एक दो की चिंता ये भी थी कि अन्नू बाबू ने अपना इस महीने का शेयर नहीं दिया...शेयर बोले तो किराये में हिस्सेदारी...मेस का खर्च...जो लोग उनके खाने खर्चे की चिंता कर रहे थे वे गुस्से में भी थे...ये अन्नू बाबू ने ठीक नहीं किया....खैर उस सुबह और भी बहुत कुछ हुआ...लेकिन ये कहानी फिर सही...सूत्रधार जॉन डीकोस्टा की डायरी के कई पन्ने उसी सुबह की कहानी से रंगे हुए हैं॥
फ्लैशबैक---अन्नू बाबू किस दुनिया के जीव थे...क्या अंतरिक्ष के वाशिंदे थे...क्या उनकी अपनी अलग कोई सल्तनत थी...या फिर थी कोई औऱ कहानी....
खुद अन्नू बाबू ने बताया था...छोटी मोटी रियासत से आते हैं....वो रियासत जो अब लुटपिट चुकी है....परिवार के नाम पर हमेशा खामोश रहे....हम सबके सामने उनकी निजी जिंदगी का परदा एक बार बेहद झन्नाटेदार तरीके से उठा था....जिंदगी के कुछ पन्ने खुले थे....लेकिन हममें से किसी ने तब उनको कुरेदा नहीं था.....पहले उस अखबार में लौटते हैं जहां तहखाने में अन्नू बाबू खबरों की भीड़ में गुम हो जाते थे....वो तहखाना आज भी वहां मौजूद है....साथी पत्रकारों से गुलजार...डेडलाइन की मारामारी...और बॉस का डंडा....थके पस्त चौदहवीं शताब्दी के कंप्यूटरों में जूझते अन्नू बाबू...ऐसी निर्मम भीड़ से घिरे अन्नू बाबू जहां हर दूसरा आदमी खुद को तुर्रम खां से कम नहीं समझता...अपनी विद्वता पर गर्व से सीना चौड़ाकर घूमने वालों की भीड़, जिनकी नज़र में सामने वाला किसी बेवकूफ से कम नहीं....सबकी यही शिकायत यहां तो क्रिएटिविटी ही नहीं है.....ऊपर से वो बॉस....जो दोपहर से ही तहखाने में ऐसे जमता कि उठने का नाम नहीं लेता....हां ऑफिस आने से पहले पान मसाले की लड़ी लेना नहीं भूलता...मसाला चबाते चबाते जीभ तो मोटी हो ही गई थी...अक्ल का भी कुछ यही हाल था....और पता नहीं क्यों अन्नू बाबू हमेशा उसकी टार्गेट में होते थे...बाद में सुना वो बॉस बहुत बड़ा बॉस गया और एक अखबार का यूनिट हेड (बोले तो स्थानीय संपादक)...सच पूछिए तो जिंदगी के उस दौर में अन्नू बाबू को अपने दुखों की सबसे बड़ी वजह वो स्थानीय संपादक ही नज़र आता था....
जॉन डीकोस्टा की डायरी-पृष्ठ संख्या-4

Wednesday, October 22, 2008

जब आया आखिरी खत


उस रोज भी हमेशा की तरह सूरज निकला....जाड़े की सुबह...बादलों से ढंका आसमान...गीली सर्द सुबह......रात भर झमाझम बारिश हुई...बाहर भीगती रही अन्नू बाबू की बाइक...नालों में पानी भर गया था...पेड़ जो मुहल्ले में थोड़े बहुत बच गए थे उनमें से दो तीन अपन के अहाते में भी थे....वे सब भी अहसास दिला रहे थे कि वाकई रात किस तरह से बरसती रही है....पानी पानी जमीन...बादल बादल आसमान....

चौराहे तक सिगरेट लाने जाते भी तो कैसे...दूसरे कमरे में सो रहे दोस्तों की सिगरेट से काम चलाने की जुगत की...लेकिन अफसोस....सारी सिगरेटें रात की बहस में धुआं हो चुकी थीं.....रजाई से निकलना भी मुश्किल....बाहर जाने की कौन कहे....

हां...तभी वो पोस्टकार्ड आया...आया नहीं बल्कि यूं कहें कल ही पहुंच चुका था किसी की नजर नहीं पड़ी आते जाते पैरों से अनायास दबे कुचले पोस्टकार्ड की क्या बिसात....

डॉक्टर साहब भी जग चुके थे...हम पांच में सबसे सात्विक...इतने साधु कि सिगरेट पीने का मतलब कैरेक्टर लेस होने से कम नहीं...औऱ एक-आध पैग लगा ली फिर तो उनकी नज़र में आपसे अधम दुनिया में कोई नहीं...

डॉक्टर साहब चश्मा पहन चुके थे...पोस्टकार्ड को गौर से उलट पलट कर देखा....और चिकोटी काटकर अपने रूम सखा को जगाया..अजी देखिए...ये अन्नू बाबू हैं ना बड़े गजब हैं भाई....अरे उठिए ना...देखिए तो सही क्या चिट्ठी भेजे हैं....

चिट्ठी का मजमून

सी-13 के साथियों

अब तक गुरु की तलाश में था...लगता है अपन को गुरु मिल गए हैं...उम्मीद है तुम सभी को मेरी कमी खलेगी....

बस इतना ही...

जॉन डिकोस्टा की डायरी-पृष्ठ संख्या-3

Tuesday, October 21, 2008

इस कहानी में कई मोड़ हैं

यादों के गलियारों में टहलना कई बार खुद के लिए टीस भरे सुखद अहसास की तरह होता है तो दूसरों के लिए झल्लाहट.....लेकिन ब्लॉग के दोस्तों को बता दूं कि अन्नू बाबू न तो टीस भरे अहसास हैं औऱ न ही उन्हें जानना आपके लिए झल्लाहट भरे तजुर्बे सा साबित होगा...खैर ये कहानी फिर सही....वापस अन्नू बाबू की जिंदगानी पर लौटते हैं.....एक ऐसी कहानी पर लौटते हैं जो अभी अधूरी है...जिसका पूरा होना अभी बाकी है.....
पहले किरदारों का परिचय
अन्नू बाबू सपने देखते थे....सोते...जागते...दफ्तर में काम करते....खबरनवीसी में सालों से थे...कलाकार थे...पेंटिंग करते थे...मूर्तियां गढ़ते थे...जिंदगी में रंग ही रंग...कब किस बात पर भावुक हो जाएं कहना मुश्किल...कब किस पर उखड़ जाएं...और बिफर पड़ें....ये समझना हम जैसे उनके साथियों के लिए भी आसान नहीं था....वो साथी जो उस अखबार के दफ्तर से एक किलोमीटर की दूरी पर साथ रहते थे...साथ खाते थे....साथ पीते थे....(सभी नहीं....दो तीन)और बुद्धिविलास की नौबत आई तो साथ झगड़ते थे...लेकिन रहते सभी उसी मकान में एक छत के नीचे थे...जो मकान आज भी गोल चक्कर के पास है जो तब हुआ करता था...उस मकान में गेट के अंदर दरवाजे के बाहर अन्नू बाबू की बाइक खड़ी रहती थी...अंदर सिगरेट के धुएं के बीच सपने बुने जाते थे...कहानियों के किरदार ढूंढ़े जाते थे....कविताओं की प्रेरणा तलाशी जाती थी....अखबारों का व्याकरण तय होता था...सबकुछ होता था...रात को एडिशन छोड़कर सभी लोग घर लौटते तब बहस शुरू होती...अब ये अन्नू बाबू की किस्मत का खेल कहिए...या उनकी कुंडली का सर्पदोष....अमूमन होता ये कि बहस में अन्नू बाबू एक तरह और बाकी लोग एक तरफ....लेकिन अन्नू बाबू भी ठहरे ठेठ कनपुरिया (हालांकि वो मूल रूप से कानपुर के नहीं थे....लेकिन उस शहर से भी सालों नाता रहा)...हार कभी नहीं मानते....हमेशा की तरह बहस बेनतीजा खत्म होती...हमेशा की तरह सभी साथ खाना खाते....लेकिन खाते वक्त अन्नू बाबू की थाली पर कुछेक घूरती, आड़ी तिरछी निगाहें भी होतीं...अन्नू बाबू की थाली पर ही क्यों होतीं...और आड़ी तिरछी ही क्यों होतीं (ये सबकुछ सूत्रधार जॉन डीकोस्टा आपको डायरी के अगले पन्नों पर बताएंगे)...फिर बहस का एक दौर चलता औऱ फिर सिगरेट का एक राउंड चलता...लेकिन तब तक अन्नू बाबू के पक्ष में भी कुछेक उठ खड़े होते...और बहस का सिलसिला औऱ तेज़ हो जाता....
तब अचानक अन्नू बाबू उठते...आखिर के कमरे में कोने पर पहुंचते...लाइट जलाने की नौबत आती तो ठीक है नहीं तो अंदाजे से एक कोने में जा लुढ़कते....वैसे उनका अंदाजा बिल्कुल दुरुस्त था....(सिर्फ एक बार गड़बड़ाया था..सोकर उठे थे औऱ शीशे की ग्लास पर पैर पड़ गया था....भारी भरकम वजन के आगे ग्लास की क्या बिसात....शीशे से अन्नू बाबू का पैर लहूलुहान हो गया था...तब हम ही लोग आनन-फानन में उन्हें एक डॉक्टर के यहां ले गए थे.....)
जॉन डीकोस्टा की डायरी-पृष्ठ संख्या 2

Tuesday, October 14, 2008

जॉन डीकोस्टा की डायरी

पूरे आठ साल बीत चुके हैं...अब पहले जैसा कुछ कहां रहा...दरो दीवार...आस पड़ोस...गली मुहल्ले...शायद सब कुछ बदल गए....लेकिन जरा ठहरिए...इस नतीजे पर पहुंचना हो सकता है आपकी जल्दबाज़ी हो...क्योंकि वो मकान अब भी उसका इंतजार कर रहा है...उसकी मोटरसाइकिल भी तो वहीं पड़ी धूल खा रही है...अंदर तीन कमरे हैं...तीसरा और आखिर का कमरा उसका...जिसमें कोने में पड़ा उसका बिस्तर बेतरतीबी से गोल पड़ा रखा है...कहीं ऐसा तो नहीं अन्नू बाबू अचानक आ गए हैं!...हमेशा की तरह चुपचाप...बगैर किसी को बताए...डॉक्टर साहब की डांट की परवाह किए बिना...रोटी पर घी चपोरा...जितनी जल्दी परोसा...उतनी जल्दी पेट के हवाले किया...और फिर चुपचाप..फर्श पर बिस्तर बिछाने की जहमत उठाए बिना लंबलेट हो गए...क्या वाकई ऐसा ही हुआ है...या फिर ये सब सपना है....अगर ये सपना है तो फिर ये आवाज किसकी है...जो चिहुंकती हुई सी बोल रही है...स्टाइल भी बिल्कुल वैसा ही....आठ साल पहले जैसा...क्या बोल रहे हैं अन्नू बाबू...अरे य़ार बहुत थक गया था...सोचा थोड़ी नींद ले लूं....
जॉन डीकोस्टा की डायरी...पृष्ठ संख्या-1